सलमान खान के पिता और दिग्गज लेखक सलीम खान लंबे समय बाद अपने पैरों पर चलते नजर आए हैं। मौका था अरबाज खान और शूरा खान की बेटी सिपारा के पहले जन्मदिन का। 5 अक्टूबर को सिपारा एक साल की हो गईं और इसी खास मौके पर अरबाज और शूरा ने अपने घर पर एक पार्टी रखी, जिसमें पूरा खान परिवार शामिल हुआ। सलमान खान भी अपनी भतीजी को आशीर्वाद देने पहुंचे। हालांकि, इस पार्टी में सबसे ज्यादा ध्यान 90 साल के सलीम खान ने खींचा। सलीम खान पत्नी सलमा खान के साथ बेटे अरबाज के घर पहुंचे। पार्टी के बाद जब वह घर से बाहर निकले तो उन्हें अपने पैरों पर धीरे-धीरे चलते हुए देखा गया। इस दौरान उनके बेटे सोहेल खान ने उनका हाथ थामा और उन्हें सहारा देते हुए कार तक लेकर गए। सलीम खान का यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उनकी सेहत में सुधार देखकर काफी खुश हैं। इससे पहले सलीम खान को गाड़ी में बैठे हुए पैपराजी की तरफ हाथ हिलाकर अभिवादन करते भी देखा गया था। बता दें कि इसी साल फरवरी में सलीम खान को माइनर ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक महीने के इलाज के बाद मार्च में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। ईद के मौके पर वह सलमान के साथ बालकनी में व्हीलचेयर पर नजर आए थे। ऐसे में करीब सात महीने बाद उन्हें खुद चलते देख फैंस भावुक हो गए। सलीम खान की मौजूदगी ने सिपारा के पहले जन्मदिन को और भी खास बना दिया।