सलमान खान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संजय दत्त के साथ उनका रिश्ता सिर्फ फिल्मी नहीं, बल्कि दिल से जुड़ा हुआ है। देर रात करीब 1:30 बजे भाईजान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर संजय दत्त के साथ दो बेहद भावुक तस्वीरें साझा कीं, जिनमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ सलमान ने लिखा, "बाबा... फॉरेवर बाबा... और बाबा, बाबा होता है। संजू बाबा हम सबके बाबा हैं और अब अपने बच्चों के भी बाबा। मेरा बड़ा भाई संजय दत्त... अल्लाह, भगवान, यीशु... सब इस आदमी को हमेशा खुश रखें। आई लव यू बाबा।" सलमान का यह इमोशनल कैप्शन देखते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस दोनों की दोस्ती की जमकर तारीफ करने लगे। संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त ने भी पोस्ट पर "Brothers For Life" लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। बता दें कि संजय दत्त ने 29 जुलाई को अपना 67वां जन्मदिन मनाया था और 31 जुलाई को सलमान उनसे मिले थे। उसी मुलाकात की तस्वीरें अब उन्होंने फैंस के साथ साझा की हैं। सलमान और संजय की दोस्ती कई दशकों पुरानी है। दोनों ने हर मुश्किल दौर में एक-दूसरे का साथ निभाया है और इंडस्ट्री में उनकी बॉन्डिंग मिसाल मानी जाती है। वर्क फ्रंट पर दोनों 'साजन', 'चल मेरे भाई' और 'ये है जलवा' जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। सलमान की इस पोस्ट के बाद फैंस एक बार फिर इस सुपरहिट जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखने की उम्मीद जता रहे हैं।