फिल्म ‘मैने प्यार किया’ के मनोहर और ‘हम आपके हैं कौन’ के लल्लू जैसे यादगार किरदारों से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता लक्ष्मीकांत बेर्डे आज भी फैंस की यादों में जिंदा हैं। अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन अभिनय के दम पर उन्होंने हिंदी के साथ-साथ मराठी सिनेमा में भी खास पहचान बनाई थी। लक्ष्मीकांत बेर्डे को मराठी फिल्मों का कॉमेडी किंग कहा जाता था। उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया और दर्शकों को खूब हंसाया। लेकिन पर्दे पर लोगों को हंसाने वाला यह कलाकार असल जिंदगी में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। 16 दिसंबर 2004 को महज 50 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इलाज के बावजूद उनकी दोनों किडनियां काम करना बंद कर गईं, जिसके बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। लक्ष्मीकांत के निधन की खबर ने इंडस्ट्री को झकझोर दिया था। बताया जाता है कि सलमान खान भी यह खबर सुनकर बेहद भावुक हो गए थे। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था और उनके बीच अच्छी दोस्ती थी। पर्सनल लाइफ की बात करें तो लक्ष्मीकांत ने दो शादियां की थीं। उनके निधन के बाद पत्नी प्रिया अरुण और दोनों बच्चों की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई। आज भी उनके निभाए किरदार दर्शकों के दिलों में अमर हैं।

---विज्ञापन---