बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान सिर्फ अपनी फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी दरियादिली और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए भी जाने जाते हैं। एक बार फिर उन्होंने ऐसा कदम उठाया है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। असम में आई भीषण बाढ़ ने हजारों लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है। कई परिवारों के घर टूट गए और लोग बेघर होकर मुश्किल हालात में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। ऐसे समय में सलमान खान ने राहत की बड़ी जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने एक NGO के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों के लिए 500 सेमी पर्मानेंट घर बनवाने का ऐलान किया है। उनकी NGO ‘बीइंग ह्यूमन’ पहले भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाती रही है। अब इस अभियान के तहत लोगों को सिर्फ खाना ही नहीं, बल्कि दोबारा सुरक्षित छत देने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि असम के शिवसागर जिले में राहत कार्य शुरू किया गया है, जहां अब तक करीब 220 घर तैयार किए जा चुके हैं। ये घर बांस और टिन की छत से बनाए जा रहे हैं, जिनकी लागत लगभग 35 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है। खबरों के मुताबिक, सलमान खान ने एक्टर रणदीप हुड्डा को बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करते देखा, जिसके बाद उन्होंने भी इस मिशन से जुड़ने का फैसला किया। ग्लोबल सिख्स के फाउंडर अमरप्रीत सिंह ने उन्हें पूरी योजना समझाई, जिसके बाद सलमान ने बिना देरी किए 500 घरों की जिम्मेदारी उठाई। सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस नेक काम की जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सलमान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि असली मदद वही है, जो बिना दिखावे के की जाए।