सैफ अली खान की बहन सबा अली खान इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। 50 साल की सबा ने अब तक शादी नहीं की है और हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई अनसुनी बातें शेयर कीं। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के व्लॉग में बातचीत के दौरान सबा ने बताया कि उनकी जिंदगी में कभी कोई बॉयफ्रेंड नहीं रहा। उन्होंने खुलासा किया कि जब वह महज 18-19 साल की थीं, तभी परिवार ने उनके लिए रिश्ते देखने शुरू कर दिए थे। इसी दौरान कोलकाता के एक शख्स के साथ उनकी शादी की बात लगभग तय हो गई थी और परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन आखिरी वक्त पर सब कुछ बदल गया। सबा ने बताया कि उस समय वह शादी जैसी बड़ी जिम्मेदारी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं, इसलिए उन्होंने पीछे हटने का फैसला किया। समय बीतने के साथ वह शादी के लिए तैयार हुईं, लेकिन उन्हें ऐसा कोई साथी नहीं मिला, जिसके साथ वह पूरी जिंदगी बिताने का फैसला कर पातीं। सबा ने यह भी बताया कि उनके पिता मंसूर अली खान पटौदी की सोच का उनकी जिंदगी पर गहरा असर रहा। वह अपने होने वाले साथी में जिम्मेदारी, समझदारी और भरोसे जैसी खूबियां तलाशती रहीं, लेकिन उन्हें ऐसा इंसान नहीं मिला। इसलिए उन्होंने अकेले रहना चुना और उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है। आज वह जूलरी डिजाइनर हैं और लाइमलाइट से दूर अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी रही हैं।