टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला ने एक बार फिर अपनी शादी के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में दोनों ने बताया कि उनकी शादी एक समय ऐसे मोड़ पर पहुंच गई थी, जहां उन्होंने तलाक लेने का फैसला कर लिया था। अभिनव शुक्ला ने खुलासा किया कि कोविड-19 महामारी के दौरान उन्हें लगने लगा था कि अलग हो जाना ही बेहतर विकल्प है, क्योंकि दोनों के बीच लगातार गलतफहमियां, कम्युनिकेशन गैप और ईगो की वजह से रिश्ता बिगड़ता जा रहा था। उन्होंने कहा कि अगर वे उस समय अलग हो गए होते, तो शायद साथ में किसी शो का हिस्सा भी नहीं बनते। हालांकि, बाद में दोनों ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया। अभिनव ने बताया कि उनकी शादी बचाने का सबसे बड़ा श्रेय रुबीना की मां और उनके भाई को जाता है। दोनों ने उन्हें छोटी-छोटी बातों पर लड़ने के बजाय बैठकर बातचीत करने की सलाह दी। अभिनव ने माना कि वह और रुबीना दोनों अपनी-अपनी ईगो में रहते थे और कोई भी पहले बात करने को तैयार नहीं होता था। गौरतलब है कि रुबीना ने 'बिग बॉस 14' के दौरान भी खुलासा किया था कि वे तलाक लेने वाले थे, लेकिन शो के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को बेहतर समझा और अपने रिश्ते को नया मौका दिया। आज यह कपल अपनी जुड़वां बेटियों के साथ खुशहाल वैवाहिक जीवन बिता रहा है।