बॉलीवुड के कई सितारे ऐसे हैं जो कभी सिल्वर स्क्रीन पर राज करते थे, लेकिन अब लाइमलाइट से दूर अपनी निजी जिंदगी जी रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की छोटी बेटी रिंकी खन्ना, जो लंबे समय से फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए हुए हैं। अक्षय कुमार की साली साहिबा रिंकी खन्ना करीब 22 साल बाद मुंबई में पैपराजी के कैमरों में कैद हुईं। हाल ही में उन्हें अपनी बेटी नाओमिका सरन के साथ जुहू में स्पॉट किया गया। इस दौरान मां-बेटी की जोड़ी कैजुअल लुक में नजर आई। जैसे ही रिंकी की नजर पैपराजी पर पड़ी, उन्होंने अपना चेहरा छुपाने की कोशिश की और तेज कदमों से अपनी कार की ओर बढ़ गईं। उन्होंने कैमरों के सामने पोज देने से भी दूरी बनाई। हालांकि, रिंकी की ये छोटी सी झलक ही उनके फैंस को खुश कर गई। सोशल मीडिया पर लोग उनकी खूबसूरती की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वह आज भी बिल्कुल वैसी ही दिखती हैं। बता दें कि रिंकी खन्ना ने साल 1999 में फिल्म ‘प्यार में कभी कभी’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों में काम किया, लेकिन उनका फिल्मी करियर ज्यादा सफल नहीं रहा। साल 2003 में बिजनेसमैन समीर सरन से शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी और विदेश में बस गईं। रिंकी के दो बच्चे हैं, बेटी नाओमिका और बेटा रौनक सरन। नाओमिका अब जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने की तैयारी कर रही हैं।

---विज्ञापन---