बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में अपनी बेबाक बातों को लेकर सुर्खियों में हैं। तन्मय भट्ट के साथ बातचीत में रिया ने अपने शुरुआती करियर और पहली बड़ी कमाई से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि महज 17-18 साल की उम्र में ही उन्होंने काम करना शुरू कर दिया था। एमटीवी पर वीजे के तौर पर काम करते हुए उन्हें कई बड़े बॉलीवुड सितारों का इंटरव्यू करने का मौका मिला। रिया ने बताया कि उनका पहला बड़ा सेलिब्रिटी इंटरव्यू सलमान खान के साथ था। उन्होंने खुलासा किया कि उस दौर में उन्हें करीब 3 लाख रुपये महीने की सैलरी मिलती थी। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी रकम कमाकर उन्हें लगता था कि वह बेहद अमीर हैं। हालांकि, उन्होंने इस कमाई को बचाने के बजाय खुद पर खर्च करना शुरू कर दिया। रिया के मुताबिक, उन्होंने अपनी कमाई का एक हिस्सा चेहरे से जुड़े ट्रीटमेंट पर खर्च किया था। वीजे के तौर पर पहचान बनाने के बाद रिया ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 2012 में उन्होंने तेलुगू फिल्म ‘ट्यूनीगा ट्यूनीगा’ से डेब्यू किया और 2013 में ‘मेरे डैड की मारुति’ से बॉलीवुड में एंट्री की। अब ‘द ट्रेटर्स’ में उनकी मौजूदगी और पुराने अनुभवों के खुलासे लगातार चर्चा में हैं।