‘बिग बॉस 13’ में शुरू हुई आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की लव स्टोरी एक बार फिर सुर्खियों में है। हिमांशी के हालिया बयान के बाद आसिम ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए धर्म परिवर्तन से जुड़े दावों को खारिज किया है। दरअसल, हिमांशी खुराना हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में पहुंची थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पुराने रिश्ते और अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं को लेकर बात की। उन्होंने बिना आसिम का नाम लिए कहा कि उनके एक्स पार्टनर उन्हें अपने धर्म की अच्छी बातें समझाते और अपनाने की इच्छा जाहिर करते थे, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थीं। इस बयान को सोशल मीडिया पर आसिम से जोड़कर देखा गया। इसके बाद 24 अगस्त को आसिम रियाज ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी किसी को अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। आसिम ने धर्म को संवेदनशील मुद्दा बताते हुए कहा कि निजी रिश्ते की बातों का इस्तेमाल नफरत फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। आसिम ने अपने पुराने रिश्ते और करियर को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि ब्रेकअप के बाद हिमांशी ने उनसे दोबारा संपर्क किया था और उनके पास इससे जुड़े मैसेज व स्क्रीनशॉट मौजूद हैं। वहीं, आसिम ने पारस छाबड़ा पर भी तंज कसते हुए कहा कि दूसरों की निजी जिंदगी और गॉसिप पर चर्चा करने के बजाय उन्हें खुद पर ध्यान देना चाहिए। आसिम और हिमांशी 2023 में अलग हुए थे। अब इस बयान और पलटवार ने उनके पुराने रिश्ते को फिर चर्चा में ला दिया है।