रेखा की निजी जिंदगी हमेशा से ही रहस्य और चर्चाओं से घिरी रही है। उनकी फैमिली से जुड़े किस्से भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प रिश्ता उनकी सौतेली बहन धनलक्ष्मी सप्रू और एक्टर तेज सप्रू से जुड़ा है। धनलक्ष्मी, रेखा और उनकी बहन राधा की मां पुष्पवल्ली की दूसरी शादी से हुई बेटी हैं। रेखा अपनी सौतेली बहन के साथ अच्छा और प्यार भरा रिश्ता साझा करती हैं। वहीं धनलक्ष्मी की शादी 80 और 90 के दशक के मशहूर अभिनेता तेज सप्रू से हुई, जिन्होंने फिल्मों में विलेन से लेकर सपोर्टिंग किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि, धनलक्ष्मी और तेज के रिश्ते को लेकर एक समय रेखा काफी परेशान थीं। दरअसल, जब दोनों एक-दूसरे के करीब आए, तब तेज पहले से शादीशुदा थे और उनका पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ था। यही वजह थी कि रेखा इस रिश्ते के खिलाफ थीं। उन्हें अपनी बहन के भविष्य की चिंता थी और डर था कि कहीं उसे आगे चलकर परेशानी न उठानी पड़े। एक इंटरव्यू में तेज सप्रू ने बताया था कि रेखा उनकी शादी के खिलाफ थीं, जबकि उनकी मां पुष्पवल्ली इस रिश्ते के पक्ष में थीं। बाद में तेज ने अपनी पहली पत्नी से तलाक लिया। जब रेखा को एहसास हुआ कि धनलक्ष्मी तेज के अलावा किसी और से शादी नहीं करेंगी, तो उन्होंने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और दोनों की खुशी में शामिल हो गईं।

---विज्ञापन---