बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रेखा की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उनकी जिंदगी का एक ऐसा अध्याय भी है, जिसने वर्षों से लोगों का ध्यान खींचा है। दरअसल, रेखा अपने पिता और तमिल सुपरस्टार जेमिनी गणेशन के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुई थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने बाद में कहा था कि उनके पास शोक मनाने की कोई वजह नहीं थी। रेखा का जन्म अभिनेत्री पुष्पावल्ली और जेमिनी गणेशन के रिश्ते से हुआ था। हालांकि, जेमिनी गणेशन ने लंबे समय तक न तो रेखा को सार्वजनिक रूप से अपनी बेटी के रूप में स्वीकार किया और न ही उनकी मां को पत्नी का दर्जा दिया। इसी कारण रेखा का बचपन पिता के स्नेह के बिना बीता और दोनों के रिश्ते कभी सामान्य नहीं रहे। 22 मार्च 2005 को जेमिनी गणेशन के निधन के समय रेखा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल न होने का फैसला किया। बाद में एक इंटरव्यू में रेखा ने कहा कि वह शोक क्यों मनाएं, जबकि उनके पिता हमेशा उनके एक हिस्से के रूप में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के जीन्स, उनकी सीख और उनके अस्तित्व के लिए आभारी हैं। हालांकि, 1994 के फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में जेमिनी गणेशन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देते समय रेखा ने मंच पर उनके पैर छुए थे। उस दौरान अभिनेता ने पहली बार सार्वजनिक रूप से उन्हें "My dear child from Bombay" कहकर संबोधित किया था, जिसे रेखा ने अपनी जिंदगी के सबसे गर्व वाले पलों में से एक बताया था।

---विज्ञापन---