मुंबई से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जिसमें एक्ट्रेस रवीना टंडन डॉग अटैक से बाल-बाल बचती नजर आ रही हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में रवीना को कोई चोट नहीं आई। दरअसल, 6 अगस्त की शाम मुंबई में पंकज त्रिपाठी और माही राय स्टारर फिल्म ‘ओह माय डॉग’ की स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इस इवेंट में रवीना टंडन भी पहुंची थीं। फिल्म इंसान और कुत्तों के इमोशनल रिश्ते पर आधारित है, इसलिए स्क्रीनिंग में फिल्म के डॉगी स्टार ऑस्कर और ब्रूनो भी मौजूद थे। रेड कार्पेट पर रवीना ने एक डॉगी के साथ तस्वीरें क्लिक कराईं। जानवरों से खास लगाव रखने वाली रवीना घुटनों के बल बैठकर डॉगी को प्यार करती नजर आईं। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक डॉगी थोड़ा एग्रेसिव हो गया और उसने रवीना पर झपटने की कोशिश की। गनीमत रही कि एक्ट्रेस ने समय रहते अपना हाथ पीछे खींच लिया, हालांकि उनकी ड्रेस डॉगी के मुंह में फंस गई। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस रवीना की तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने बिना घबराए स्थिति को संभाला। कई यूजर्स का कहना है कि भीड़ और माहौल की वजह से डॉगी डर गया होगा। बता दें कि रवीना टंडन लंबे समय से एनिमल लवर हैं और जानवरों की सुरक्षा को लेकर आवाज उठाती रहती हैं।