मुंबई के शिवाजी पार्क में 22 जुलाई को हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बाद मशहूर कॉमेडियन रौनक रजानी ने मुंबई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रौनक का दावा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी एक पसली में फ्रैक्चर हो गया। रौनक के मुताबिक, वह अपनी पत्नी के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए थे, तभी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि दोनों को जबरन पुलिस वैन में बैठाया गया। इस दौरान उन्हें धक्का दिया गया, जिससे उनकी गर्दन में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी को कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की धक्का-मुक्की के कारण गंभीर चोट लगी। कॉमेडियन ने बताया कि अगले दिन दोनों दिल्ली चले गए, लेकिन उनकी पत्नी का दर्द लगातार बढ़ता गया। मेडिकल जांच और एक्स-रे में पसली में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रौनक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें उन्होंने पूरी घटना का विवरण दिया है। वीडियो में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की फुटेज भी दिखाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के साथ बदसलूकी की गई और दो पुरुष पुलिसकर्मियों ने उन्हें लात भी मारी। फिलहाल, मुंबई पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।