Don 3 विवाद को लेकर अभिनेता रणवीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्माताओं फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की शिकायत के बाद FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया है। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, वहीं कुछ FWICE के कदम को सही बता रहे हैं। इसी बीच रणवीर सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। FWICE के फैसले के कुछ घंटों बाद देर रात अभिनेता मुंबई से रवाना होते नजर आए। हालांकि इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और न ही कैमरों के सामने पोज़ दिया। एयरपोर्ट पर रणवीर सफेद पठानी सूट और ब्लैक जैकेट में दिखाई दिए। उन्होंने मास्क और काले चश्मे से अपना चेहरा ढका हुआ था। गाड़ी से उतरने के बाद वह सीधे एयरपोर्ट के अंदर चले गए और पैपराजी की आवाज़ लगाने के बावजूद नहीं रुके। रणवीर की यह चुप्पी अब चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस भी इस पूरे विवाद पर उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल अभिनेता की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।