बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह अपनी जबरदस्त एनर्जी और मस्तीभरे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर अपने अनोखे व्यवहार से लोगों का दिल जीत लेते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब रणवीर ने एक इवेंट के दौरान पैपराजी के साथ बेहद खास अंदाज में मुलाकात की। उनके इस व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, 21 नवंबर को रणवीर सिंह मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 इवेंट में शामिल हुए थे। इस दौरान वह ब्लैक ट्रेडिशनल बंदगला सूट, गोल्डन बटन और ऑरेंज पॉकेट स्क्वायर में काफी डैशिंग लग रहे थे। हालांकि, उनके लुक से ज्यादा चर्चा पैपराजी के साथ उनके व्यवहार की हो रही है। वायरल वीडियो में रणवीर सभी फोटोग्राफर्स के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने पैपराजी के फोन लेकर उनके साथ सेल्फी भी क्लिक की। इस दौरान एक्टर ने फोटोग्राफर्स से हाथ मिलाया, हाथ जोड़कर नमस्ते किया और कुछ लोगों को गले लगाकर किस भी किया। रणवीर का यह अपनापन देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वहीं, इवेंट में रणवीर ने अपनी फिल्म धुरंधर के गाने पर शानदार परफॉर्मेंस भी दी। इस कार्यक्रम में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी मौजूद रहे। फिलहाल रणवीर का पैपराजी के प्रति यह प्यार भरा अंदाज इंटरनेट पर छाया हुआ है।