बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के परिवार से एक दुखद खबर सामने आई है। एक्टर के नाना डॉ. राम हिंगोरानी का 8 नवंबर को 96 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजा के दौरान आखिरी सांस ली। इस खबर की जानकारी रणवीर की कजिन बहन सौम्या हिंगोरानी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर दी। सौम्या ने अपने दादू की कई पुरानी तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए, जिनमें उनकी खुशमिजाज जिंदगी की झलक देखने को मिली। सौम्या ने बताया कि 96 साल की उम्र में भी उनके दादू किसी यंगस्टर से कम नहीं थे। उन्होंने लिखा कि दादू दिवाली के दिन बेहद शांति से दुनिया छोड़कर अपनी पत्नी के पास चले गए। वहीं, इमोशनल अंदाज में उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि अब उनके दादू-दादी साथ बैठकर व्हिस्की पी रहे होंगे और अपने परिवार को देखकर खुश हो रहे होंगे। सौम्या की इस पोस्ट ने हर किसी को भावुक कर दिया। रणवीर सिंह का भी अपने नाना के साथ बेहद खास रिश्ता था। साल 2023 में फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के प्रमोशन के दौरान एक्टर ने उनके साथ तस्वीरें शेयर की थीं। उस वक्त उनके नाना भी फिल्म को प्रमोट करते नजर आए थे। दोनों के बीच का प्यार और मस्ती तस्वीरों में साफ झलकती थी। अब उनके निधन की खबर से फैंस भी रणवीर और पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं।