बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह एक बार फिर अपने मजेदार अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। मुंबई में हुए एक प्रमोशनल इवेंट का उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक फीमेल फैन उनसे कॉफी के बहाने फ्लर्ट करती नजर आती है। हालांकि, रणवीर ने अपने खास अंदाज में ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद हर शख्स हंस पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह अपने ब्रांड के प्रमोशन के लिए मुंबई में आयोजित एक इवेंट में पहुंचे थे। रेड टी-शर्ट में हमेशा की तरह फुल ऑन एनर्जी के साथ नजर आए रणवीर कुछ देर के लिए कॉफी काउंटर पर पहुंचे। इसी दौरान एक फीमेल फैन ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा, "कॉफी बनाने में इतनी केमिस्ट्री है..." फैन की बात सुनते ही रणवीर ने बिना देर किए मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "इतना फ्लर्ट क्यों कर रही हो? दो बच्चों का बाप बनने वाला हूं यार।" उनका यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे और पूरे इवेंट में हंसी का माहौल बन गया। वीडियो में एक और चीज ने लोगों का ध्यान खींचा। यह बात कहते वक्त रणवीर ने अपनी उंगलियां भी क्रॉस कर लीं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे अच्छे वक्त और खुशियों पर किसी की नजर न लगे, इस भावना से जोड़कर देख रहे हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह इन दिनों अपनी हालिया रिलीज 'धुरंधर' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इसके साथ ही वह अपनी अगली फिल्म 'प्रलय' की तैयारी में भी जुटे हैं। वहीं, पर्सनल लाइफ में भी रणवीर और दीपिका पादुकोण को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्टार कपल जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाला है।