बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी इस वक्त अपनी जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। रानी की मां कृष्णा मुखर्जी का 22 सितंबर की दोपहर निधन हो गया। वह 75 साल की थीं। उनके निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है, हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह लंबे समय से बीमार थीं। कृष्णा मुखर्जी का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। मां के निधन से रानी मुखर्जी गहरे सदमे में हैं। कृष्णा मुखर्जी से पहले रानी अपने पिता राम मुखर्जी को भी खो चुकी हैं। इस मुश्किल घड़ी में बॉलीवुड के कई सितारे रानी और उनके परिवार के साथ खड़े नजर आए। रानी के करीबी दोस्त शाहरुख खान हाई सिक्योरिटी के बीच पवन हंस क्रिमेटोरियम पहुंचे। उनके साथ उनकी मैनेजर पूजा ददलानी भी नजर आईं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक गौरी खान भी वहां मौजूद थीं। करण जौहर, आलिया भट्ट, अनिल कपूर, अयान मुखर्जी, फरहान अख्तर, जोया अख्तर, कबीर खान, आशुतोष गोवारिकर और वाणी कपूर समेत कई सेलेब्स कृष्णा मुखर्जी को अंतिम विदाई देने पहुंचे। वहीं शिल्पा शेट्टी और अर्जुन कपूर रानी को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। रानी अपनी मां के बेहद करीब थीं और अपनी सफलता का श्रेय भी उन्हें देती थीं। कृष्णा मुखर्जी का सिनेमा से गहरा रिश्ता था। वह प्रोफेशनल प्लेबैक सिंगर थीं और कई बंगाली फिल्मों में अपनी आवाज दे चुकी थीं। परिवार ने लोगों से इस दुख की घड़ी में निजता का सम्मान करने की अपील की है।