रणधीर कपूर की छोटी बहन और करीना कपूर, करिश्मा कपूर, रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर की छोटी बुआ रीमा जैन के परिवार पर हाल ही में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रीमा जैन की सास कोशू जैन का 27 जुलाई को निधन हो गया था। उनके निधन के चार दिन बाद 30 जुलाई को दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा कपूर परिवार रीमा जैन और उनके परिवार को सांत्वना देने पहुंचा। शोकसभा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कपूर परिवार की एकजुटता साफ नजर आ रही है। रणबीर कपूर अपनी बुआ रीमा जैन और जीजा मनोज जैन को हिम्मत देते दिखाई दिए। वहीं, रणधीर कपूर भी बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के बावजूद व्हीलचेयर पर शोकसभा में पहुंचे। इस दौरान बबिता कपूर भी नजर आईं, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी और वह हेल्पर्स की मदद से पहुंचीं। नीतू कपूर भी अपनी ननद रीमा जैन के परिवार का सहारा बनीं और अकेले शोकसभा में शामिल हुईं। शशि कपूर के बेटे कुणाल कपूर भी बेटी शायरा के साथ पहुंचे। इस दौरान रणधीर कपूर और रीमा जैन का एक भावुक पल कैमरे में कैद हुआ, जब रीमा अपने भाई को बाहर तक छोड़ने आईं और उन्हें गले लगाकर उनका हाल पूछा। भाई-बहन के इस प्यार भरे रिश्ते ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया। राज कपूर के पांच बच्चों में अब सिर्फ रणधीर कपूर और रीमा जैन ही जीवित हैं। कपूर परिवार ने कई अपनों को खोया है, लेकिन हर मुश्किल समय में यह परिवार एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़ा नजर आता है।

---विज्ञापन---