बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर अपनी एक्टिंग और चार्म के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी बात भी है, जिसके बारे में बेहद कम लोग जानते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर बचपन से ही डेविएटेड नेजल सेप्टम की समस्या से जूझ रहे हैं। इसमें नाक के अंदर मौजूद सेप्टम, यानी नाक को दो हिस्सों में बांटने वाला हिस्सा, एक तरफ मुड़ जाता है। यह समस्या जन्म से हो सकती है या चोट लगने के बाद भी हो सकती है। इसकी वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। रणबीर के मामले में भी बचपन से इस समस्या का जिक्र किया जाता रहा है। बताया जाता है कि साल 2009 में एक फिल्म के लिए रणबीर की नाक को लेकर चर्चा हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के डायरेक्टर ने उन्हें नाक की सर्जरी करवाने की सलाह दी थी। हालांकि, रणबीर ने सर्जरी करवाने से साफ इनकार कर दिया था। यहां तक कि उनके माता-पिता ऋषि कपूर और नीतू कपूर ने भी उन्हें सर्जरी के लिए समझाया था, लेकिन रणबीर अपने फैसले पर कायम रहे। रणबीर का एक पुराना बयान भी चर्चा में रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह टेढ़ी नाक के साथ जी सकते हैं, लेकिन बदली हुई नाक के साथ नहीं। इस समस्या के इलाज के लिए जरूरत पड़ने पर सेप्टोप्लास्टी सर्जरी की जाती है। हालांकि, रणबीर ने इसे नहीं करवाने का फैसला किया। अपनी इस खास पहचान को उन्होंने कभी अपने करियर के आड़े नहीं आने दिया और आज वह बॉलीवुड के बड़े सितारों में शामिल हैं।