सिनेमा प्रेमियों और राम भक्तों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का पहला ट्रेलर, जिसे 24 जुलाई को ऑनलाइन रिलीज़ किया जाना था, अब पोस्टपोन कर दिया गया है। इस फैसले की जानकारी फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। नमित मल्होत्रा ने बताया कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हुई नई साझेदारी के बाद फिल्म को वैश्विक स्तर पर रिलीज़ करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने लिखा कि उनका सपना अब सच होने जा रहा है और इसी वजह से ट्रेलर को बाद में दुनियाभर में लॉन्च किया जाएगा। उनके मुताबिक, भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक गौरवपूर्ण पल होगा क्योंकि 'रामायण' को एक बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने ट्रेलर की नई रिलीज़ डेट का खुलासा नहीं किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि ट्रेलर को सोनी की फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के साथ सिनेमाघरों में अटैच किया जा सकता है। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों से जोड़कर भी देखा है। हालांकि, इस संबंध में मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'रामायण: प्रथम संकल्प' इवेंट में फिल्म की विशेष झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद फैंस ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

---विज्ञापन---