रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हाल ही में एक आई क्लिनिक के बाहर नजर आए थे। इस दौरान दोनों ने काला चश्मा पहना हुआ था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने कई तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि शायद आलिया की आंखों में कोई समस्या है, क्योंकि वह कुछ दिन पहले भी एक शादी में काला चश्मा लगाए दिखी थीं। अब मीडिया रिपोर्ट्स में इस पूरे मामले की वजह सामने आ गई है। बताया जा रहा है कि आंखों का इन्फेक्शन आलिया को नहीं, बल्कि रणबीर कपूर को हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर को कंजंक्टिवाइटिस (आंखों का संक्रमण) हुआ है और यह इन्फेक्शन उन्हें उनकी बेटी राहा कपूर से लगा। जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले राहा की आंखों में संक्रमण हुआ था। उसकी देखभाल के दौरान रणबीर लगातार उसके संपर्क में रहे, जिसके कारण उन्हें भी यह संक्रमण हो गया। कंजंक्टिवाइटिस एक संक्रामक बीमारी है, जो आसानी से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकती है। इस खबर ने रणबीर की आने वाली फिल्म रामायण की टीम की चिंता भी बढ़ा दी है। 18 जुलाई को दिल्ली के भारत मंडपम में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च का बड़ा कार्यक्रम होना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर इस इवेंट में शामिल होंगे, लेकिन एहतियात के तौर पर काला चश्मा पहनेंगे, ताकि संक्रमण किसी और तक न फैले।