नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का ग्रैंड ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे लॉन्च हुए इस ट्रेलर ने इंटरनेट पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। जहां एक तरफ फैंस रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार, साई पल्लवी के माता सीता के रूप और फिल्म के भव्य विजुअल्स की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई लोग किरदारों की कास्टिंग, कॉस्ट्यूम और धार्मिक भावनाओं से जुड़े पहलुओं पर सवाल भी उठा रहे हैं। ट्रेलर में हनुमान जी की झलक नहीं दिखने को लेकर भी कई यूजर्स ने निराशा जाहिर की है। रणबीर कपूर के राम अवतार पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने उनकी कास्टिंग को पसंद किया, तो कुछ ने कहा कि उनमें भगवान राम वाला दिव्य भाव नजर नहीं आया। वहीं साई पल्लवी के सीता किरदार को लेकर भी लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है। कुछ यूजर्स ने उनकी कास्टिंग को लेकर सवाल उठाए, जबकि कई फैंस ने उन्हें इस भूमिका के लिए परफेक्ट बताया। फिल्म के VFX, बैकग्राउंड स्कोर और विजुअल ट्रीटमेंट की जमकर तारीफ हो रही है, लेकिन कॉस्ट्यूम और डिवोशनल फील को लेकर बहस जारी है। वहीं, रकुल प्रीत सिंह के शूर्पणखा लुक को लेकर भी सोशल मीडिया पर मीम्स वायरल हो रहे हैं। फिलहाल इतना तय है कि 'रामायण' के ट्रेलर ने सिर्फ व्यूज ही नहीं बटोरे, बल्कि एक बड़ी चर्चा भी शुरू कर दी है। अब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है, यह रिलीज के बाद ही पता चलेगा।