राम कपूर और श्रेया कालरा के बीच हुए किस विवाद ने 'लॉक अप 2' को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। जहां एक तरफ श्रेया ने राम कपूर के व्यवहार पर अपनी नाराजगी जाहिर की, वहीं दूसरी तरफ एक्टर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। इसी बीच राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर उनके समर्थन में सामने आई हैं। दरअसल, शो के एक टास्क के दौरान जीत की खुशी में राम कपूर ने श्रेया कालरा के गाल पर किस कर लिया था। उस समय श्रेया ने कोई बड़ी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन बाद में उन्होंने इस घटना पर बात करते हुए कहा कि राम कई बार लोगों के बहुत करीब आ जाते हैं और उन्हें पर्सनल बाउंड्री का ध्यान रखना चाहिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से बढ़ गया। कुछ यूजर्स ने श्रेया का समर्थन किया, तो कई लोगों ने राम कपूर की आलोचना शुरू कर दी। बढ़ती ट्रोलिंग के बीच गौतमी कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी। गौतमी ने कहा कि वह शो को लेकर बोलना नहीं चाहती थीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उनके पति को लेकर कही जा रही बातों के बाद उन्हें सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि राम असल जिंदगी में बेहद अच्छे, मददगार और प्यार करने वाले इंसान हैं। गौतमी ने लोगों से अपील की कि किसी भी रियलिटी शो को देखने से पहले पूरी स्थिति को समझना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों का असर परिवार और बच्चों पर भी पड़ता है, इसलिए लोगों को सोच-समझकर प्रतिक्रिया देनी चाहिए।