नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी। जहां दर्शक रकुल को इस अहम भूमिका में देखने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल भी सुर्खियों में बनी हुई है। रकुल प्रीत सिंह अपने पति जैकी भगनानी के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल की आलीशान 'पूजा कासा' बिल्डिंग में रहती हैं, जो उनके ससुर और फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की प्रॉपर्टी बताई जाती है। घर का विशाल लिविंग एरिया, ऊंची छत, मार्बल फ्लोरिंग, लकड़ी का प्रीमियम फर्नीचर और एंटीक डेकोरेशन इसे बेहद रॉयल लुक देते हैं। दीवारों पर लगी खूबसूरत पेंटिंग्स और बड़ी-बड़ी खिड़कियां घर की खूबसूरती को और बढ़ाती हैं, जहां प्राकृतिक रोशनी पूरे घर को रोशन करती है। इस लग्जरी होम में एक खूबसूरत झूला, बड़ी बालकनी और हर आधुनिक सुविधा मौजूद है। सोशल मीडिया पर रकुल के इस शानदार घर की तस्वीरें लगातार वायरल हो रही हैं और फैंस भी इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं फिल्म 'रामायण' की बात करें तो इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है।

---विज्ञापन---