बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए उन्हें तीन महीने की जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब चर्चा हो रही है। दिलचस्प बात यह रही कि फैसले के कुछ ही समय बाद राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अक्षय कुमार के साथ एक मजेदार विज्ञापन वीडियो शेयर किया। इस पोस्ट को देखकर फैंस हैरान रह गए। कई लोगों ने इसे पहले से शेड्यूल प्रमोशनल पोस्ट बताया, जबकि कुछ यूजर्स इसे लेकर कन्फ्यूज नजर आए। यह मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वह तय समय पर रकम नहीं चुका सके और ब्याज के साथ बकाया राशि बढ़ गई। इसके बाद चेक बाउंस का मामला अदालत पहुंचा। साल 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा को दोषी ठहराया था। बाद में सेशंस कोर्ट ने भी फैसला बरकरार रखा। जून 2024 में हाई कोर्ट ने भुगतान का मौका देते हुए सजा पर अस्थायी रोक लगाई थी, लेकिन तय शर्तें पूरी न होने पर अब अदालत ने तीन महीने की सजा और भारी जुर्माना बरकरार रखा है। अब सभी की नजर राजपाल यादव के अगले कानूनी कदम पर है।

---विज्ञापन---