मशहूर अभिनेता राजेश शर्मा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह इन दिनों प्रभास की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के लिए हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में मौजूद थे। शूटिंग के दौरान एक सीन खत्म होने के बाद वह घनी झाड़ियों के पास स्थानीय टेक्नीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली समझा और शूटिंग जारी रखी। करीब छह घंटे बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। पहले पैर में तेज दर्द हुआ और फिर सूजन तेजी से बढ़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्होंने कोलकाता लौटने का फैसला किया, लेकिन फ्लाइट के दौरान उनकी स्थिति और खराब हो गई। कोलकाता पहुंचते ही उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज क्रिटिकल केयर यूनिट में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया है। मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित होने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। अगर संक्रमण बढ़ता है तो ब्लड क्लॉट बनने का खतरा हो सकता है और गंभीर स्थिति में यह फेफड़ों तक भी पहुंच सकता है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना का असर प्रभास की फिल्म की शूटिंग पर भी पड़ सकता है। राजेश शर्मा हिंदी और बंगाली सिनेमा के चर्चित अभिनेता हैं। उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होकर काम पर लौटने की दुआ कर रहे हैं।