मशहूर अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर चिंता बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने के बाद उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित नहीं हुआ है। मेडिकल टीम का कहना है कि संक्रमण बढ़ने पर ब्लड क्लॉट बनने का खतरा हो सकता है और यदि यह फेफड़ों तक पहुंचता है, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसी वजह से उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है। इस बीच ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले को लेकर फिल्म 'फौजी' के मेकर्स से जवाब मांगा है। एसोसिएशन ने सवाल उठाया है कि शूटिंग के दौरान अभिनेता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत बड़े अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया। साथ ही यह भी पूछा गया है कि सेट पर पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं और सुरक्षा प्रोटोकॉल मौजूद थे या नहीं। AICWA ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और फिल्म के निर्माताओं से राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की है। राजेश शर्मा हिंदी, बंगाली और साउथ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और उनकी अगली हेल्थ अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।

---विज्ञापन---