‘आशिकी’ फेम राहुल रॉय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक्टर ने अपने मुश्किल दौर और आर्थिक परेशानियों को लेकर खुलकर बात की है। राहुल रॉय ने बताया कि 2020 में स्ट्रोक आने के बाद उनके करियर पर काफी असर पड़ा और करीब पांच साल तक उन्हें काम मिलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहुल के मुताबिक, बीमारी से उबरने के दौरान उन्होंने खुद को ठीक करने पर ध्यान दिया, लेकिन दूसरी तरफ काम का इंतजार भी जारी रहा। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिनमें वह शादियों में गिटार बजाते और डांस करते नजर आए। इसके बाद कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और उनके स्टारडम पर सवाल उठाए। अब राहुल ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि लोगों को उनकी जिंदगी की पूरी कहानी नहीं पता। उन्होंने साफ किया कि उनके भी खर्चे हैं और उन्हें अपनी रोजी-रोटी चलानी है। एक्टर ने बताया कि शादी में डांस या परफॉर्म करना उनके लिए मजाक नहीं, बल्कि काम है। उन्होंने दावा किया कि कई बार ऐसे कार्यक्रमों से वह 2 से 4 लाख रुपये तक कमा लेते हैं। राहुल ने कहा कि बीमारी के बाद जब फिल्मों में काम मिलना कम हो गया, तब उन्होंने जो भी काम मिला, उसे करने में शर्म महसूस नहीं की। उनके लिए यह अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश थी। एक्टर ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर यह भी बताया कि वह अपने भाई से जुड़े एक पुराने कानूनी मामले का सामना कर रहे हैं, जिसमें करीब 30 लाख रुपये का मामला शामिल है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि तलाक के दौरान अपनी संपत्ति पत्नी को देने के बाद उन्हें अपनी आर्थिक जिंदगी दोबारा खड़ी करनी पड़ी।