दशहरे के मौके पर बॉलीवुड में त्योहार की धूम देखने को मिली। वहीं, विदेश में रह रहीं देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा भी भारतीय परंपराओं को निभाने में पीछे नहीं रहीं। एक्ट्रेस ने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर में महानवमी और दशहरे का त्योहार मनाया। इस खास मौके की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जो अब फैंस का ध्यान खींच रही हैं। प्रियंका ने तस्वीरों के साथ मां दुर्गा की शक्ति, प्रार्थनाओं की पवित्रता और दशहरे की भावना हमेशा परिवार के साथ बने रहने की कामना की। इस दौरान एक्ट्रेस लाइट मिंट ग्रीन फ्लोरल अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत नजर आईं। वहीं, निक जोनस भी मिंट ग्रीन कुर्ते और व्हाइट पायजामे में दिखाई दिए। हालांकि, इस पूजा का सबसे प्यारा पल नन्ही मालती मैरी की कन्या पूजा रही। मालती आइवरी लहंगा-चोली, दो पोनीटेल, छोटी चूड़ियों और लाल चुनरी में बेहद प्यारी लगीं। तस्वीरों में निक अपनी बेटी के पैर धोते नजर आए, जबकि प्रियंका ने भी अपनी लाडली के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा, कपल अपने घर के खूबसूरत मंदिर में पूजा और हवन करता दिखाई दिया। परिवार की इन तस्वीरों ने फैंस का दिल जीत लिया।