दिवंगत बिजनेसमैन Sunjay Kapur की प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद उनकी मौत के बाद लगातार लोगों का ध्यान खींच रहा है। जून 2025 से शुरू हुआ यह मामला 11 महीने बाद भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा। समय के साथ यह विवाद पहले दिल्ली हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सितंबर 2025 में Karisma Kapoor के बच्चों ने संजय कपूर की वसीयत को चुनौती देते हुए संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की थी। इसके बाद से कभी लोलो की तरफ से नई दलीलें सामने आईं, तो कभी Priya Sachdev Kapur के जवाबों ने इस केस को और ज्यादा चर्चा में ला दिया।
अब संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ की संपत्ति से जुड़े मामले में एक और बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल, पिछले साल नवंबर में हुई सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर की बेटी ने दावा किया था कि उनकी दो महीने की स्कूल फीस लंबित है। अब इसी मामले में प्रिया कपूर ने बड़ा कदम उठाते हुए कोर्ट में एक नया आवेदन दाखिल किया है। बताया जा रहा है कि अपने हालिया आवेदन में प्रिया कपूर ने करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों, समायरा और कियान, की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चिंता जाहिर की है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली हाई कोर्ट ने 26 मई को प्रिया कपूर द्वारा दायर याचिका पर औपचारिक नोटिस जारी किया। इस याचिका में उन्होंने दिवंगत पति संजय कपूर के कर्मचारी भविष्य निधि यानी EPF खातों तक पहुंच की अनुमति मांगी है, ताकि समायरा और कियान की स्कूल फीस और पढ़ाई-लिखाई से जुड़े अन्य खर्चों का भुगतान किया जा सके।