टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल प्रिंस नरूला और युविका चौधरी एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा की वजह उनकी सोशल मीडिया गतिविधि है। दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जैसे ही फैंस ने इस बदलाव को नोटिस किया, तलाक और सेपरेशन की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। कई यूजर्स का मानना है कि दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा, जबकि कुछ लोग इसे केवल सोशल मीडिया का मामला बता रहे हैं। हालांकि, अब तक प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रिंस और युविका की मुलाकात एक रियलिटी शो के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने साल 2018 में शादी कर ली। शादी के बाद से दोनों अक्सर अपनी तस्वीरें, वीडियो और फैमिली मोमेंट्स सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं, जिससे उनकी जोड़ी फैंस की पसंदीदा बनी रही।गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें सामने आई हैं। पिछले साल भी दोनों के अलग रहने की खबरें वायरल हुई थीं। उस समय युविका चौधरी ने स्पष्ट किया था कि घर में रेनोवेशन के कारण वह कुछ समय के लिए अपनी मां के घर रह रही थीं और उनके रिश्ते में किसी तरह की समस्या नहीं थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती है, जिसे उन्होंने मजाकिया अंदाज में 'बुरी नजर' का असर बताया था। फिलहाल, अनफॉलो की घटना पर दोनों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

---विज्ञापन---