दिग्गज एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों की तबीयत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 64 साल की एक्ट्रेस को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूनम ढिल्लों डेंगू से जूझ रही हैं और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। पूनम की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस काफी चिंतित हो गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि एक्ट्रेस ने खुद अपनी हेल्थ को लेकर बताया है कि वह ठीक हैं और उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। ऐसे में फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पूनम ढिल्लों का हेल्थ अपडेट ऐसे समय आया है, जब वह अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में हैं। एक्ट्रेस Cine and TV Artistes Association (CINTAA) की प्रेसिडेंट हैं। हाल ही में CINTAA की एग्जीक्यूटिव कमेटी के कई सदस्यों के इस्तीफे के बाद संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे। इस विवाद के बीच पूनम पर भी कुछ आरोप लगाए गए थे, जिन्हें उन्होंने खारिज किया था। वर्कफ्रंट की बात करें तो पूनम ढिल्लों ने 80 के दशक में कई हिट फिल्मों में काम किया। आज भी वह फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में एक्टिव हैं। उनकी बेटी पालोमा ढिल्लों ने 2023 में फिल्म ‘दोनों’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था।