टीवी एक्ट्रेस और 'बिग बॉस 15' विनर तेजस्वी प्रकाश इन दिनों गेमिंग रियलिटी शो 'प्लेग्राउंड सीजन 5' को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार वजह उनका गेम नहीं, बल्कि शो में एक कंटेस्टेंट के साथ हुई तीखी बहस है। कंटेस्टेंट ने पहले तेजस्वी को पूरी तरह नजरअंदाज किया और बाद में सलमान खान का नाम लेकर उन पर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। दरअसल, ऑडिशन के दौरान कंटेस्टेंट ने एल्विश यादव और आरुष भोला से तो बातचीत की, लेकिन तेजस्वी से बात नहीं की। जब एक्ट्रेस ने इसकी वजह पूछी, तो उसने कहा कि उसने कभी उनका कोई शो नहीं देखा। इसके बाद कंटेस्टेंट ने 'बिग बॉस 15' के एक पुराने वीडियो का जिक्र करते हुए दावा किया कि तेजस्वी सलमान खान के सामने जरूरत से ज्यादा क्यूट बनने की कोशिश कर रही थीं, जिस पर उन्हें फटकार मिली थी। कंटेस्टेंट की इस टिप्पणी पर तेजस्वी ने शांत लेकिन बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बिना किसी का काम देखे या उसे जाने, उसके बारे में राय बनाना गलत है। साथ ही उन्होंने कंटेस्टेंट के महिलाओं के प्रति रवैये पर भी सवाल उठाए और कहा कि किसी महिला पर इस तरह की निजी टिप्पणी करना बिल्कुल भी सही नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जहां कई लोग तेजस्वी के समर्थन में नजर आ रहे हैं।