टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता पार्थ समथान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। 35 वर्षीय अभिनेता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि पिछले तीन-चार दिन उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों में से रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें बार-बार रोने का मन कर रहा है, सांस लेने में भारीपन महसूस हो रहा है और लगातार नकारात्मक विचार उनके मन पर हावी हो रहे हैं। इतना ही नहीं, पार्थ ने यह भी कहा कि उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों हो रहा है। अभिनेता की इस पोस्ट ने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर हजारों लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दे रहे हैं। कई फैंस ने उनकी मानसिक सेहत को लेकर भी चिंता जताई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पार्थ समथान ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह रोते हुए नजर आए थे। उस समय भी उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे। हालांकि बाद में अभिनेता ने स्पष्ट किया था कि वह ठीक हैं और जीवन में उतार-चढ़ाव आना सामान्य बात है। फिलहाल, उनकी नई पोस्ट के बाद फैंस यही जानना चाहते हैं कि आखिर उनके इस मानसिक और भावनात्मक संघर्ष की वजह क्या है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्थ इस विषय पर आगे क्या खुलासा करते हैं।

---विज्ञापन---