बाली में हुए हादसे के बाद से बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा की सेहत को लेकर फैंस लगातार परेशान थे। रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के बाद एक्ट्रेस को एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया था। अब नुसरत ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी पहली पोस्ट शेयर कर फैंस को अपनी झलक दिखाई है। 10 अक्टूबर को नुसरत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हॉस्पिटल बेड से एक तस्वीर शेयर की। फोटो में सामने एक रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर नजर आ रही है, जबकि पीछे बालकनी से सनसेट का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा है। इसके साथ एक्ट्रेस ने लिखा, “हमेशा से सनसेट का पीछा करती रही हूं और बस ऐसे ही... मेरा नजारा बदल गया, लेकिन पिक्चर अभी बाकी है, मेरे दोस्त।” नुसरत के इस पॉजिटिव मैसेज ने फैंस को राहत दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाली में हुए हादसे के दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ था। हादसे के बाद उन्हें बाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को उन्हें आगे के इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया। मुंबई पहुंचने के दौरान उनकी तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें वह स्ट्रेचर पर नजर आई थीं। फिलहाल उनकी मेडिकल कंडीशन और इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।