बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर एक परेशान करने वाला वीडियो सामने आया है। बाली में हुए हादसे के बाद एक्ट्रेस अब मुंबई लौट आई हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर उनकी पहली झलक ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो में नुसरत स्ट्रेचर पर लेटी नजर आ रही हैं। उनकी नाक में ऑक्सीजन पाइप लगी हुई है, जबकि हाथ में कैनुला भी दिखाई दे रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि नुसरत होश में नजर आईं और आसपास मौजूद लोगों से बातचीत करने की कोशिश करती दिखीं। मुंबई एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम उन्हें स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक ले जाती नजर आई। इस दौरान नुसरत ने अपने हाथ सीने से लगा रखे थे और उनके चेहरे पर दर्द और बेचैनी साफ दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि नुसरत बाली में काम और छुट्टियां मनाने गई थीं, जहां 1 अक्टूबर को उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उन्हें बाली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी टीम के मुताबिक, एक्ट्रेस की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। आगे की जांच के बाद उनकी स्पाइन सर्जरी की जाएगी। नुसरत को एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है। उनकी टीम ने फैंस और मीडिया से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।