बॉलीवुड की हर छोटी-बड़ी खबर पर नजर रखने वालों की लिस्ट में अब एक नया नाम जुड़ गया है। यह नाम किसी बॉलीवुड स्टार का नहीं, बल्कि ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के पति और अमेरिकी सिंगर निक जोनास का है। हाल ही में प्रियंका ने खुलासा किया कि कई बार उन्हें बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप अपने पति निक से पता चलती है। जोनास ब्रदर्स के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान प्रियंका ने हंसते हुए कहा कि निक बॉलीवुड की खबरों पर इतनी पैनी नजर रखते हैं कि कई बार वह खुद भी हैरान रह जाती हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में निक को अपना सबसे भरोसेमंद 'बॉलीवुड गॉसिप सोर्स' भी बताया। प्रियंका ने एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए बताया कि कई बार वह किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी से मिलकर उनके पार्टनर के लिए शुभकामनाएं देने की बात कह देती हैं, लेकिन तभी निक उन्हें याद दिलाते हैं कि उस स्टार का तो पहले ही ब्रेकअप हो चुका है। ऐसे में प्रियंका खुद सोचने पर मजबूर हो जाती हैं कि निक को इतनी अपडेट्स आखिर मिलती कहां से हैं। इस सवाल का जवाब खुद निक जोनास ने दिया। उन्होंने बताया कि वह सोशल मीडिया पर कई बॉलीवुड गॉसिप पेज फॉलो करते हैं। इन्हीं प्लेटफॉर्म्स के जरिए उन्हें बॉलीवुड सितारों की रिलेशनशिप, दोस्ती, ब्रेकअप, पैचअप और अन्य चर्चित खबरों की जानकारी मिलती रहती है। निक का कहना है कि बॉलीवुड की दुनिया बेहद दिलचस्प है और यहां रिश्तों के बदलते समीकरण उन्हें काफी आकर्षित करते हैं। यही वजह है कि अब उन्हें मजाक में बॉलीवुड का नया 'गॉसिप किंग' भी कहा जा रहा है।