एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बेहद प्यारी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व क्रिकेटर और नेता नवजोत सिंह सिद्धू दादा बन गए हैं। उनके बेटे करण सिद्धू और बहू इनायत रंधावा के घर 1 अक्टूबर 2026 को नन्ही बेटी ने जन्म लिया है। सिद्धू ने खुद सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत पोस्ट शेयर कर इस खुशखबरी की जानकारी दी और अपनी पोती का नाम भी रिवील किया। नवजोत सिंह सिद्धू ने पोस्ट में लिखा कि वह अपने परिवार में आर्या सिद्धू का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आर्या का जन्म 1 अक्टूबर 2026 को हुआ है और इनायत और करण अपनी जिंदगी का नया चैप्टर शुरू कर रहे हैं। पोती के जन्म की खबर सामने आते ही फैंस ने सिद्धू पाजी को दादा बनने की बधाइयां देनी शुरू कर दीं। आर्या नाम को देवी दुर्गा और माता पार्वती से भी जोड़कर देखा जाता है। बताया जा रहा है कि नन्ही आर्या का स्वागत पटियाला स्थित सिद्धू परिवार के पुश्तैनी घर में किया जाएगा। इस साल मार्च में सिद्धू ने अपनी संपत्ति का बंटवारा किया था, जिसमें पटियाला वाला पुश्तैनी मकान बेटे करण सिद्धू के नाम किया गया था। बता दें कि करण और इनायत की शादी 7 दिसंबर 2023 को हुई थी। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आ रहे हैं।