70 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता नवीन निश्चल की प्रोफेशनल लाइफ जितनी सफल रही, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही विवादों और दुखद घटनाओं से भरी रही। साल 1970 में फिल्म 'सावन भादों' से बॉलीवुड में कदम रखने वाले नवीन निश्चल पहली ही फिल्म से रातों-रात स्टार बन गए। उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय के चलते उन्हें उस दौर के बड़े सितारों की कतार में गिना जाने लगा। नवीन निश्चल की पहली शादी नीलू कपूर से हुई थी, जो फिल्ममेकर शेखर कपूर की बहन और अभिनेता देव आनंद की भतीजी थीं। हालांकि, बाद में अभिनेत्री पद्मिनी कपिला के साथ उनके कथित अफेयर की खबरों के बीच यह रिश्ता टूट गया और दोनों का तलाक हो गया। साल 1996 में उन्होंने गीतांजलि से दूसरी शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी दुखद मोड़ पर खत्म हुआ। वर्ष 2006 में गीतांजलि ने आत्महत्या कर ली। अपने सुसाइड नोट में उन्होंने नवीन निश्चल और उनके भाई पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में पुलिस ने नवीन को गिरफ्तार भी किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन इस विवाद का असर उनके करियर पर पड़ा और उन्हें पहले जैसा काम नहीं मिला। 19 मार्च 2011 को मुंबई से पुणे जाते समय नवीन निश्चल को अचानक हार्ट अटैक आया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। वह 64 वर्ष के थे। करीबी लोगों के मुताबिक, नवीन अक्सर कहते थे कि वह लंबी बीमारी नहीं चाहते और बिना किसी पर बोझ बने दुनिया से जाना चाहते हैं। संयोग से उनकी मौत भी अचानक हार्ट अटैक से हुई। फिल्मों के अलावा उन्होंने 'देख भाई देख', 'आशीर्वाद', 'चूड़ियां' और 'कहता है दिल' जैसे टीवी शोज़ में भी यादगार काम किया।

---विज्ञापन---