टीवी एक्टर नंदीश संधू ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है। रश्मि देसाई से तलाक के करीब 10 साल बाद 44 साल की उम्र में नंदीश एक बार फिर दूल्हा बन गए हैं। एक्टर ने अपनी गर्लफ्रेंड कविता बनर्जी के साथ 14 नवंबर को सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। पश्चिम बंगाल में दोनों की शादी पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ हुई, जिसकी खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। शादी में नंदीश क्रीम और गोल्डन वर्क वाली शेरवानी में बेहद रॉयल लग रहे थे, तो वहीं कविता लाल और गोल्डन हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले लहंगे में किसी अप्सरा से कम नहीं दिखीं। खास बात ये रही कि नंदीश बाइक पर सवार होकर बारात लेकर पहुंचे। हल्दी, मेहंदी और संगीत से लेकर शादी की हर रस्म की झलक फैंस को खूब पसंद आ रही है। बता दें कि नंदीश और कविता ने अक्टूबर 2025 में सगाई की थी। वहीं, ये नंदीश की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 2012 में टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई से शादी की थी। दोनों की मुलाकात सीरियल 'उतरन' के सेट पर हुई थी, लेकिन शादी के दो साल बाद 2014 में दोनों अलग हो गए और 2016 में उनका तलाक हो गया। अब कविता के साथ नंदीश ने जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है।