मुंबई की दुर्गा पूजा हो और मुखर्जी परिवार का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है! हर साल नवरात्रि के मौके पर मुखर्जी परिवार पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मां दुर्गा की आराधना करता है। इस पूजा में बॉलीवुड के कई सितारे भी शामिल होते हैं, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा जाती हैं। लेकिन इस बार पूजा परिवार के दिवंगत सदस्यों की यादों और विरासत को लेकर भी खास है। दरअसल, दुर्गा पूजा 2026 की तैयारियों के बीच काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उन्होंने परिवार के बड़ों और इस परंपरा से जुड़ी यादों को साझा किया। बता दें कि पहले इस पूजा की जिम्मेदारी दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर देब मुखर्जी संभालते थे। 14 मार्च 2025 को 83 साल की उम्र में उनके निधन से परिवार को बड़ा झटका लगा। इसके कुछ महीनों बाद, 28 मई 2025 को उनके बड़े भाई और मशहूर संगीतकार रोनो मुखर्जी का भी निधन हो गया।इन मुश्किलों के बावजूद परिवार ने अपनी परंपरा को जारी रखा। पिछले साल रानी मुखर्जी आयोजन की जिम्मेदारी संभालती नजर आई थीं, जबकि इस बार तनीषा मुखर्जी भी इस विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। जिम्मेदारियां भले बदल रही हैं, लेकिन मां दुर्गा के प्रति आस्था और परिवार की परंपरा आज भी कायम है।