महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो, लेकिन उनकी कमाई और लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। क्रिकेट के अलावा धोनी ने अपने स्मार्ट निवेश और बिजनेस वेंचर्स के दम पर करीब 1200 करोड़ रुपये का मजबूत बिजनेस एम्पायर खड़ा किया है। धोनी की प्रमुख निवेश कंपनियों में सबसे पहले रीति स्पोर्ट्स मैनेजमेंट का नाम आता है, जो कई बड़े भारतीय खिलाड़ियों का मैनेजमेंट संभालती है। इसके अलावा उन्होंने रांची के Hotel Mahi Residency समेत हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में भी निवेश किया है। साल 2016 में धोनी ने अपना फैशन और फुटवियर ब्रांड SEVEN लॉन्च किया। वहीं फूड एंड बेवरेज सेक्टर में 7InkBrews और Copter7 जैसे ब्रांड्स में भी उनकी हिस्सेदारी है। फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने Dhoni SportsFit जिम चेन शुरू की, जिसके देशभर में कई सेंटर हैं। स्पोर्ट्स में निवेश की बात करें तो धोनी Chennaiyin FC के सह-मालिक हैं और हॉकी टीम Ranchi Rays से भी जुड़े रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बेंगलुरु में MS Dhoni Global School की शुरुआत की, जहां आधुनिक शिक्षा और डिजिटल लर्निंग पर जोर दिया जाता है। मनोरंजन जगत में भी धोनी ने कदम रखा है। उन्होंने पत्नी साक्षी धोनी के साथ Dhoni Entertainment Pvt. Ltd. की स्थापना की, जिसने तमिल फिल्म Let's Get Married और सीएसके पर आधारित डॉक्यूमेंट्री Roar of the Lion का निर्माण किया। क्रिकेट से लेकर बिजनेस तक, महेंद्र सिंह धोनी ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ मैदान के ही नहीं, बल्कि निवेश की दुनिया के भी असली 'कैप्टन कूल' हैं।

---विज्ञापन---