सोशल मीडिया स्टार मिस्टर फैसु यानी फैसल शेख इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। सऊदी अरब के खूबसूरत शहर मदीना में निकाह करने के बाद फैसु अपनी बेगम के साथ जिंदगी की नई शुरुआत कर रहे हैं। वहीं, फैंस के मन में सवाल है कि निकाह के बाद उनकी नई नवेली दुल्हन का स्वागत कहां होगा। ऐसे में आइए आपको फैसु के आलीशान घर की सैर कराते हैं। दरअसल, फैसल शेख का लग्जरी घर मुंबई के वर्सोवा इलाके में स्थित है। इसी साल फिल्ममेकर फराह खान ने उनके घर पहुंचकर हाउस टूर किया था, जिसमें घर की खूबसूरत झलक देखने को मिली। घर में एंट्री करते ही नाम प्लेट के बाद शानदार लिविंग एरिया नजर आता है। यहां पैटर्न वाली मार्बल वॉल्स, मार्बल टॉप सेंटर टेबल और क्रिस्टल का खूबसूरत झूमर कमरे को रॉयल लुक देते हैं। क्रीम, ब्राउन और गोल्डन रंगों का कॉम्बिनेशन घर को क्लासी बनाता है। घर की बालकनी में आरामदायक झूला, बैम्बू चेयर और हरे-भरे पौधे हैं, जहां कपल सुकून के पल बिता सकता है। वहीं, डाइनिंग एरिया में वुडेन डिजाइन वाली दीवारें, मार्बल टेबल और खूबसूरत सजावट देखने को मिलती है। हालांकि, फैसु का यह मुकाम आसान नहीं रहा। उन्होंने बताया था कि कभी उनका परिवार बहरामपाड़ा में महज 10 बाय 12 फीट के कमरे में पांच लोगों के साथ रहता था। आज अपनी मेहनत से उन्होंने एक खास पहचान बनाई है।