सोशल मीडिया स्टार और पॉपुलर यूट्यूबर मिस्टर फैजू इन दिनों अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मक्का-मदीना में निकाह के करीब एक महीने बाद फैजू अपनी पत्नी तान्या के साथ हनीमून मनाने अबू धाबी पहुंचे हैं। दोनों ने इस ट्रिप की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिनमें न्यूली मैरिड कपल एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताता नजर आ रहा है। खास बात ये है कि इस हनीमून ट्रिप पर फैजू के अम्मी-पापा भी उनके साथ मौजूद हैं। फैमिली के साथ हनीमून की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स के मजेदार रिएक्शन आने लगे। किसी ने इसे हनीमून की जगह 'फैमिलीमून' बता दिया, तो किसी का कहना है कि इस खास ट्रिप पर तान्या थोड़ी अलग-थलग नजर आ रही हैं। यूजर्स का मानना है कि शादी के बाद पहली ट्रिप नए-नवेले कपल के लिए होनी चाहिए थी। वहीं, फैजू ने अबू धाबी की मशहूर शेख जायद ग्रैंड मस्जिद से भी तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें तान्या बुर्के और हिजाब में नजर आ रही हैं। अपनी पोस्ट के कैप्शन में फैजू ने इसे प्यार, हंसी और यादगार एडवेंचर से भरी हनीमून डायरी बताया है। फिलहाल, कपल की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।