मदीना में निकाह और मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन के बाद मिस्टर फैजू यानी फैसल लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अब फैजू अपने एक व्लॉग को लेकर चर्चा में आ गए हैं, जिसमें उन्होंने मजाक-मजाक में बेगम तान्या के गहने बेचकर नई चमचमाती कार खरीदने की बात कह दी। इस पर तान्या का जवाब भी काफी मजेदार है। दरअसल, शादी के बाद फैजू अपने यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए फैंस के साथ अपनी जिंदगी के खास पल शेयर कर रहे हैं। इसी दौरान तान्या के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि गहने जमा कर लो, वह सुनार से बात कर लेंगे और सारे गहने देकर एक अच्छी सी गाड़ी खरीद लेंगे। फैजू ने तान्या से यह भी पूछा कि क्या वह इस फैसले में उनके साथ हैं। इस पर तान्या ने भी मजेदार जवाब देते हुए कहा, 'गुड आइडिया, वेरी नाइस! मैं आपके साथ हूं। मुझे सोने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि मुझे डायमंड पसंद है।' तान्या का यह जवाब सुनकर दोनों की नोक-झोंक चर्चा में आ गई। वैसे, इससे पहले भी जूलरी शॉप पर सोना खरीदने पहुंचे फैजू के साथ दुकानदार ने दूसरी बीवी के लिए सोना लेने आने का मजाक किया था। इस पर फैजू ने हंसते हुए कहा था कि ऐसा मत करो, उनकी पत्नी पास में ही खड़ी हैं।