सोशल मीडिया स्टार मिस्टर फैजू की जिंदगी में प्यार ने एक खूबसूरत मोड़ ले लिया है। फैजल शेख के निकाह की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। सफेद शेरवानी में फैजू जहां बेहद हैंडसम लग रहे हैं, वहीं सफेद लिबास और लाल दुपट्टे में उनकी दुल्हन की खूबसूरती ने फैंस का ध्यान खींच लिया है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से फैजू की शादी को लेकर चर्चाएं तेज थीं। युविका चौधरी के एक व्लॉग में वेडिंग कार्ड नजर आया था, जिस पर मिस्टर फैजू और तान्या का नाम लिखा था। इसके बाद से ही उनकी शादी को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। अब फैजल शेख ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर अपने निकाह की खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। सऊदी अरब के मदीना शरीफ में हुए इस निकाह में दोनों का सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। तस्वीरों में फैजू अपनी दुल्हन को प्यार से निहारते नजर आ रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री फैंस का दिल जीत रही है। तस्वीरें शेयर करते हुए फैजू ने अपने नए सफर के लिए फैंस से दुआएं मांगीं और उन्हें अपनी दुआओं में याद रखने की अपील की। वहीं, खबरें हैं कि निकाह के बाद 19 अक्टूबर को मुंबई में रिसेप्शन हो सकता है। हालांकि, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।