एक्ट्रेस मौनी रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराज़ी पर नाराज़ होती नजर आ रही हैं। यह घटना मंगलवार रात की है, जब मौनी अपने दोस्तों, अर्जुन बिजलानी और अनुषा दांडेकर के साथ एक रेस्टोरेंट में पार्टी के लिए पहुंची थीं। रेस्टोरेंट से बाहर निकलते ही बड़ी संख्या में पैपराज़ी उन्हें कैमरे में कैद करने लगे। इस दौरान भीड़ इतनी बढ़ गई कि मौनी को अपनी कार तक पहुंचने में परेशानी हुई। कार में बैठने के बाद भी फोटोग्राफर्स लगातार फ्लैश लाइट्स के साथ उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते रहे। इससे नाराज़ होकर मौनी ने हाथ के इशारे से पैपराज़ी को रुकने और कैमरे बंद करने के लिए कहा। उनके चेहरे पर गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मौनी का समर्थन किया। लोगों का कहना है कि हर इंसान को अपनी प्राइवेसी का अधिकार है और जब कोई साफ तौर पर मना करे तो उसकी बात का सम्मान किया जाना चाहिए। इसी बीच मौनी की एक इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट भी वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने लिखा था कि भविष्य में उनकी तस्वीरें न ली जाएं और बिना उनकी अनुमति उन्हें कैमरे में कैद न किया जाए। हालांकि बाद में यह स्टोरी उनके अकाउंट पर दिखाई नहीं दी। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है।

---विज्ञापन---