साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्माता और निर्देशक मोहन शर्मा इन दिनों आर्थिक तंगी और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। कभी 100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके मोहन शर्मा आज चेन्नई के एक वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि पैर में गांठ, लिगामेंट फटने और लगातार इलाज के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई। अब उनकी दवाइयों पर हर महीने करीब 35 हजार रुपये खर्च होते हैं, जबकि वह डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और वर्टिगो जैसी बीमारियों से भी पीड़ित हैं। मोहन शर्मा ने बताया कि जब दवाइयों के लिए भी पैसे नहीं बचे, तब रोटरी क्लब के दोस्तों की सलाह पर उन्हें वृद्धाश्रम में रहना पड़ा। कभी चेन्नई के पॉश पोएस गार्डन इलाके में रहने वाले मोहन शर्मा को आर्थिक संकट के चलते अपना आलीशान फ्लैट भी बेचना पड़ा। उन्होंने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, करीब 20 फिल्मों का निर्माण किया और साउथ इंडियन फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष भी रहे। मोहन शर्मा के मुताबिक, उनकी फिल्म 'ग्रामम' की असफलता के बाद उन पर भारी कर्ज चढ़ गया, जिससे वह कभी उबर नहीं पाए। इस कठिन समय में सुपरस्टार रजनीकांत ने उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक मदद भेजी। अब मोहन शर्मा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय से भी मुलाकात और सहायता की उम्मीद जताई है।

---विज्ञापन---