बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। 76 साल के मिथुन दा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही उनके फैंस चिंता में आ गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि एक्टर को किसी इमरजेंसी की वजह से नहीं, बल्कि एक सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 अगस्त को कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी हुई, जो सफल रही। खबर सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिसमें मिथुन दा अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं और उनके हाथ पर प्लास्टर भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि एक्टर की हाथ की सर्जरी हुई है और फिलहाल उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर उनकी रिकवरी इसी तरह जारी रही तो उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। इस खबर के बाद फैंस ने राहत की सांस ली और मिथुन दा के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ मिथुन चक्रवर्ती के परिवार में भी जल्द खुशियों का माहौल आने वाला है। उनकी बेटी दिशानी चक्रवर्ती अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड माइल्स मैंटजारिस के साथ 6 दिसंबर 2026 को शादी करने वाली हैं। ऐसे में फैंस अब मिथुन दा की जल्द रिकवरी और बेटी की शादी में उनकी मौजूदगी का इंतजार कर रहे हैं।

---विज्ञापन---